Wednesday, July 1, 2020

हीरो की नई बाइक या पल्सर-अपाचे, जानें कौन बेस्ट June 30, 2020 at 08:45PM

नई दिल्ली।Hero Xtreme 160R लॉन्च हो गई है। लंबे इंतजार के बाद यह बाइक बाजार में उतारी गई है। Xtreme 160R के साथ हीरो मोटोकॉर्प ने 160cc सेगमेंट में एंट्री की है। मार्केट में इसकी सीधी टक्कर Bajaj Pulsar NS160 और TVS Apache RTR 160 4V से होगी। यहां हम आपको इन तीनों बाइक्स के बारे में बता रहे हैं, जिससे आप आसानी से समझ पाएंगे कि इनमें से आपके लिए कौन सी बाइक बेस्ट रहेगी।

Hero Xtreme 160R में 160cc एयर-कूल्ड इंजन है, जो 15 bhp की पावर और 14 Nm पीक टॉर्क जेनरेट करता है। Pulsar NS160 में 160.3cc का इंजन है, जो 17 bhp की पावर और 14.6 Nm टॉर्क जेनरेट करता है। Apache RTR 160 4V में 159.7cc का इंजन है, जो 15.8bhp की पावर और 14.12 Nm टॉर्क जेनरेट करता है। आंकड़ों के आधार पर पल्सर एनएस160 इन तीनों बाइक्स में सबसे ज्यादा पावरफुल है।

Xtreme 160R सिंगल डिस्क और डबल डिस्क वेरियंट में आती है। दोनों वेरियंट में फ्रंट में 276 mm डिस्क ब्रेक है। वहीं, ड्यूल डिस्क वेरियंट में रियर में 220 mm डिस्क ब्रेक, जबकि सिंगल डिस्क वेरियंट में रियर में 130 mm ड्रम ब्रेक हैं। पल्सर एनएस160 सिर्फ एक वेरियंट में आती है, जिसमें फ्रंट में 260 mm और रियर में 230 mm डिस्क ब्रेक दिए गए हैं। अपाचे RTR 160 4V भी दो वेरियंट, डिस्क और ड्रम में आती है। दोनों वेरियंट में फ्रंट में 270mm डिस्क ब्रेक है। वहीं, ड्रम वेरियंट में रियर में 130mm ड्रम ब्रेक और डिस्क वेरियंट में रियर में 200mm डिस्क ब्रेक हैं। तीनों बाइक सिंगल चैनल एबीएस से लैस हैं।

हीरो Xtreme 160R की लंबाई 2029 mm, चौड़ाई 793 mm, ऊंचाई 1052 mm और वीलबेस 1327 mm है। बाइक की सीट हाइट 790 mm और ग्राउंड क्लियरेंस 167 mm है। पल्सर एनएस160 की लंबाई 2017 mm, चौड़ाई 803.5 mm, ऊंचाई 1060 mm और वीलबेस 1372 mm है। इसकी सीट हाइट 805 mm और ग्राउंड क्लियरेंस 177 mm है। वहीं, अपाचे RTR 160 4V की लंबाई 2035 mm, चौड़ाई 790 mm, ऊंचाई 1050 mm और वीलबेस 1357 mm है। RTR 160 4V की सीट हाइट 800 mm और ग्राउंड क्लियरेंस 180 mm है। इन तीनों में अपाचे की लंबाई और ग्राउंड क्लियरेंस सबसे ज्यादा है। पल्सर सबसे ज्यादा चौड़ी और ऊंची है। वहीं, हीरो की एक्सट्रीम 160आर की सीट हाइट सबसे कम है।

इन तीनों बाइक्स की फ्यूल टैंक कपैसिटी 12-लीटर है। हीरो एक्सट्रीम 160R के सिंगल डिस्क वेरियंट का वजन 138.5 किलोग्राम और डबल डिस्क वेरियंट का 139.5 किलोग्राम है। पल्सर एनएस160 का वजन 151 किलोग्राम है। अपाचे RTR 160 4V के ड्रम वेरियंट का वजन 147 किलोग्राम, जबकि डिस्क वेरियंट का 149 किलोग्राम है। इन तीनों में हीरो एक्सट्रीम 160R सबसे हल्की है।

तीनों बाइक्स तीन कलर ऑप्शन में उपलब्ध हैं। Xtreme 160R में पर्ल सिल्वर वाइट, वाइब्रेंट ब्लू और स्पोर्ट्स रेड कलर के ऑप्शन हैं। पल्सर एनएस160 में फॉसिल ग्रे, वाइल्ड रेड और सैफायर ब्लू कलर के विकल्प हैं। अपाचे RTR 160 4V रेसिंग रेड, मेटैलिक ब्लू और नाइट ब्लैक कलर ऑप्शन में उपलब्ध है।

हीरो एक्सट्रीम 160R के सिंगल डिस्क वेरियंट का दाम 99,950 रुपये और डबल डिस्क वेरियंट का 1.03 लाख रुपये है। पल्सर एनएस 160R की कीमत 1.06 लाख रुपये है। वहीं, अपाचे RTR 160 4V बाइक के ड्रम वेरियंट का दाम 1.03 लाख और डिस्क वेरियंट का 1.06 लाख रुपये है। ये कीमत दिल्ली में एक्स शोरूम की हैं।


पढ़ें: आ गई हीरो की धांसू बाइक, जानें कितनी है कीमत


No comments:

Post a Comment